साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र स्थित थर्मोकोल फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसमें करीब 80 लाख से एक करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पांच वाटर टेंडरों से आग बुझाई।फैक्ट्री के मालिक सुरेश जैन निवासी नेहरू नगर हैं। उनकी विजयनगर स्थित साउथ साइड औद्योगिक क्षेत्र में वर्द्धमान थर्मोकोल नाम से फैक्ट्री है।
उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात फैक्ट्री में रखी एक मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे थर्मोकोल ने आग पकड़ ली, जो देखते देखते पूरी फैक्ट्री में फैल गई। आग इतनी भयंकर थी कि धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। आग के दौरान फैक्ट्री में चार कर्मचारी समेत आठ लोग मौजूद थे। उन्होंने फैक्ट्री से भागकर जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड पांच गाड़ियां के साथ मंौके पर पहुंची और रात 12 बजे तक आग बुझाई। फैक्ट्री मालिक ने बताया कि लगभग 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान है।
दूसरी तरफ, अग्निशमन अधिकारी आरके यादव का कहना है कि प्राथमिक जांच में आग लगने के कारण शॉर्ट सर्किट ही प्रतीत हो रहा है। उधर, बृहस्पतिवार शाम मोरटा में सड़क किनारे पड़े कबाड़ में आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
आग की हालिया घटनाएं
- 4 सितंबर- मेरठ रोड पर कॉस्मेटिक्स फैक्ट्री में लगी आग
- 19 जुलाई- मेडिसिन फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान
- नौ जून- साहिबाबाद में अगरबत्ती फैक्ट्री में लगी भी भीषण आग