महिला थाने में मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक के सामने ही एक व्यक्ति अपनी बहू को जान से मारने की धमकी देने लगा। बोला- ‘हमेशा यहीं तो तू नहीं रहेगी, थाने के बाहर भी तो निकलेगी...या तो खुद मर जाऊंगा या तुझे मार डालूंगा।’ बाद में एसएचओ के हड़काने के बाद ससुर शांत हुआ और बेटों के साथ थाने से बाहर चला गया।
कविनगर निवासी महिला की शादी पटेलनगर निवासी एक व्यक्ति से वर्ष 2012 में हुई थी। महिला का कहना था कि शादी के कुछ दिनों के बाद से ही ननद प्रताड़ित करती रही। इसके बाद जब बेटा पैदा हुआ तो एक महीने के लिए वह मायके चली गई। तब से पति नाराज रहने लगा और घर में लड़ाई बढ़ती चली गई।
वह पिछले दो साल से पति से अलग कमरा लेकर रह रही है, लेकिन वहां भी ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते रहते हैं, चरित्रहीनता का आरोप लगाते हैं। परेशान होकर उसने महिला थाने में ससुरालियों के खिलाफ प्रताड़ना का आरोप लगाकर शिकायत की थी, जिसकी सुनवाई के लिए मंगलवार को दोनों पक्ष महिला थाने आए थे।
महिला के ससुराल वालों की तरफ से पति, ससुर और देवर आए थे। पति सुबूत केतौर पर एक विडियो भी लेकर आया था। उसके अनुसार महिला रंगे हाथों पकड़ी गई है। विडियो में महिला के घर एक व्यक्ति आया है, जिससे महिला बात कर रही है। काउंसलिंग के दौरान ससुर बहू पर कटाक्ष करने लगा। बहू ने एतराज जताया तो धमकाने लगा। मारने या मरने की धमकी देने लगा।
मामले को ज्यादा तूल पकड़ता देख एसएचओ महिला थाना ने महिला के ससुर को थाने से बाहर निकलने को कहा।इस मामले में महिला थाना प्रभारी आरती सोनी का कहना है कि महिला का ससुर बुजुर्ग है और पहले से बीमार है, इस कारण कड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। इस मामले की फिर सुनवाई होगी और अगर ससुराल पक्ष नहीं मानता है, तो एफआईआर कराई जाएगी।