मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों का माल ले गए
- फोटो : अमर उजाला
जीडीए स्टाफ कालोनी में प्रिंटिंग प्रेस कारोबारी के घर बुधवार को दिनदहाडे़ लाखों रुपये की ज्वैलरी और 50 हजार कैश चोरी कर लिया गया। वारदात में परिवार के ही एक सदस्य की भूमिका पर पुलिस को शक है। पुलिस ने जांच पूरी होने पर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
मालीवाड़ा के पास जीडीए स्टाफ कालोनी में रहने वाले नानक गुप्ता ने बताया कि मालीवाड़ा में उनका प्रिंटिंग प्रेस का कारोबार है। उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। बेटा एपी गुप्ता भी उनके साथ ऑफिस में था। बहू का बेटे से मनमुटाव है, इसलिए वह मायके में रहती है।
दोपहर दो बजे उन्होंने नौकर निक्की निवासी मिसलगढ़ी को ऑफिस से घर दूध गर्म करके लाने भेजा था। नौकर ने मकान का ताला टूटा होने की सूचना उन्हें दी। चोर अलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी और 50 हजार रुपये ले गए। उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी।
एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि चोरी में परिवार के ही एक सदस्य की भूमिका सामने आ रही है, इसकी जांच की जा रही है। दूसरी तरफ, परिवार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज न करनी पड़े इस वजह से पुलिस परिवार के सदस्य की भूमिका संदिग्ध बता रही है।