मोहन नगर स्थित ओम नगर कालोनी में आबकारी विभाग और पुलिस ने छापेमारी कर मकान में चल रही अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें, होलोग्राम, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल बरामद हुआ है।
हालांकि फैक्ट्री के कर्मचारियों को छापेमारी की भनक पहले ही लग गई और वह मकान में ताला लगाकर भाग गए। पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लिया है। आबकारी इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि ओम नगर में गली नंबर चार स्थित मकान संख्या ए11 में शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही है।
आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस के साथ शनिवार की शाम मकान में छापा मारा। टीम जब पहुंची तो मकान में ताला लगा मिला। टीम ताला तोड़कर अंदर गई तो मकान में काफी मात्रा में शराब की खाली बोतल, ब्रांडेड शराब के स्टीकर, होलोग्राम और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल मिला।
पुलिस को एक कमरे में एक महिला भी मिली है। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले मकान को किराए पर लेकर शराब बनाने का काम शुरू किया गया था। फैक्ट्री कर्मचारी कुछ मिनट पहले ही उसे फैक्ट्री में बंद करके चले गए।