सपा नेताओं ने बुधवार को इंडियन बैंक प्रबंधन के खिलाफ तहरीर एसएसपी को दे दी। इसमें पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के स्वामित्व वाले सपा आफिस केएड्रेस पर खाते खोलने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने सपा जिला अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को बृहस्पतिवार को बुलवाया है। इसकेबाद आरोपी सपा नेताओं पर कार्रवाई की जाएगी।
सपा आफिस को आशियाना दिखाकर बैंकों में खाता खुलवाने के मामले का खुलासा होकर पर बुधवार को दिल्ली से लखनऊ तक हड़कंप मच गया। महानगर अध्यक्ष संजय यादव और जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन ने इसकी सूचना लखनऊ पार्टी हाईकमान और पार्टी संगठन को दी।
इसकी रिपोर्ट दिल्ली में मुलायम सिंह के आवास पर भी भेज दी गई। लखनऊ से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। एसएसपी को जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन, महानगर अध्यक्ष संजय यादव, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र चौहान और जिला महासचिव जेपी कश्यप ने संयुक्त हस्ताक्षरों से दी है।
इसमें बैंक पर पार्टी आफिस के एड्रेस का दुरुपयोग कर खाता खोलने का आरोप लगाया गया है। एसएसपी धर्मेंद्र यादव ने जिलाध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बृहस्पतिवार सुबह बुलवाया है। उनसे मीटिंग के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पुलिस बैंक से जानकारी करेगी कि किन दस्तावेजों के आधार पर जिन लोगों के खाते खोले गए। पार्टी सूत्रों की मानें तो इस मामले में खाता खुलवाने वालों और उनके गारंटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।