विजयनगर की बुद्ध विहार कालोनी में भूमाफियाओं ने शनिवार को दिनदहाडे़ हथियारों के बल पर दस मकानों में कब्जे की कोशिश की। विरोध जताने पर मकानों में रह रहे लोगों को बेरहमी से पीटा गया, घरों में डकैती डाली गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को कार्रवाई करने से बदमाशों ने न के वल रोका, बल्कि उन पर फायरिंग की।
बाईपास चौकी प्रभारी रवींद्र यादव पर भूमाफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाकर लोगों ने बाईपास चौकी, थाने पर हंगामा किया। एसपी सिटी ने लोगों को समझाकर शंात किया, बाईपास चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया। आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बुद्ध विहार कालोनी में सुशील राणा, सुभद्रा देवी, महेंद्र यादव, अशोक त्यागी और संजीव त्यागी ने बताया कि सुबह साढे़ दस बजे 30-35 लोगों के साथ भूमाफिया दो जेसीबी लेकर उनकी कालोनी में पहुंचे और मकानों को तोड़ने लगे। विरोध जताने पर खुद को ‘समाजवादी पार्टी’ का नेता कहकर मकान से बाहर निकालने लगे।
महिलाओं से अभद्रता की गई, घर से सामान बाहर फेंक दिया। बदमाश तमंचे, पिस्टल और लाठी डंडे लेकर आए थे, जिनसे विरोध करने वाले लोगों को बेरहमी से पीटा। कंट्रोल रूम में शिकायत की गई तो पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस के सामने भी भूमाफिया ने दबंगई दिखाई, इसका विरोध करने पर पुलिस पर फायरिंग तक की गई।
दहशत में आए लोगों ने विजयनगर बाईपास पुलिस चौकी और विजयनगर थाने पहुंचकर हंगामा किया। एसपी सिटी सलमान ताज, सीओ प्रथम इंदरपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि भूमाफिया के खिलाफ जमीन कब्जाने, जानलेवा हमला करने, डकैती, पुलिस पर फायरिंग, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरोपी भागे हुए हैं। बाईपास चौकी प्रभारी रवींद्र यादव पर भी कालोनी के लोगों ने आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया, प्रारंभिक जांच में उनकी लापरवाही और भूमिका संदिग्ध पाई गई। तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है, विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। एसपी सिटी का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।