नगर कोतवाली थानाक्षेत्र में बेटे का एक्सीडेंट होना बताकर उसकी मां से बदमाशों ने 13 तोले जेवर उतरवा लिए। महिला को सम्मोहित कर बदमाश भाग गए। मामले की शिकायत नगर कोतवाली पुलिस से की गई है। आरोप है कि पुलिस ने दस दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की है।
बजरिया में ब्रेड स्टोर संचालक भूषण परिवार के साथ रहते हैं। 18 अप्रैल को उनके एक रिश्तेदार के घर शादी थी। 19 अप्रैल की सुबह भूषण की पत्नी सुरेंद्री दूल्हे से मिलने के लिए जा रही थी। रास्ते में उन्हें तीन युवक मिले। युवकों ने बताया कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है, वह जीटी रोड पर लहूलुहान पड़ा है।
आरोप है कि इस दौरान महिला के चेहरे पर बदमाशों ने पानी की बौछार कर उन्हें सम्मोहित कर लिया। महिला जीटी रोड पर पहुंची तो बेटा नहीं मिला। युवकों ने महिला से कहा कि उसे अस्पताल ले जाया गया है, इलाज के लिए महिला से उसके जेवर उतरवा लिए और भाग गए।
महिला ने सीओ प्रथम, एसपी सिटी, एसएसपी कार्यालय में शिकायत की है, मगर कार्रवाई नहीं की गई। सीओ प्रथम इंदरपाल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नही था, अब जांच करवाकर कार्र्रवाई करेंगे।