गोहत्या और मनचलों के खिलाफ योगी सरकार का मूड भांपकर पुलिस भी अब अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव करने में जुट गई है। मंगलवार को शहर पहुंचे आईजी (रूल्स एंड मैनुअल) अमिताभ ठाकुर ने कहा कि एंटी रोमियो स्क्वॉयड बनाने के बाद अब पुलिस मनचलों पर गुंडा एक्ट लगाकर उन्हें जिलाबदर करने की कार्रवाई करेगी।
गोहत्या रोकने के लिए गोवध अधिनियम को और प्रभावी बनाया जाएगा। गैंगस्टर एक्ट और रेप के मामलों में जेएस वर्मा कमेटी की सिफारिशों को भी पुलिस प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इस दौरान आईजी अमिताभ ठाकुर ने थानों का दौरा किया और जरूरी निर्देश जारी किए।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, गोवध अधिनियम और रेप के मामलों में जेएस वर्मा कमेटी की सिफारिशों को अगर प्रभावी रूप से लागू कर दिया जाए तो क्राइम को पूरी तरह कंट्रोल किया जा सकता है। लड़कियों से छेड़छाड़ करने वाले भी गुंडो की श्रेणी में आते हैं।
ऐसे में अगर कोई दो बार से अधिक छेड़छाड़ में पकड़ा गया तो उस पर गुंडा एक्ट लगाकर जिलाबदर करने की कार्रवाई की जाएगी। एंटी रोमियो स्क्वॉयड को निर्देश दिए गए हैं कि मनचलों से सख्ती से निपटकर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मुहैया करवाया जाए।
आमतौर पर देखने में आता है कि गोवध अधिनियम का सख्ती से पालन नहीं किया जाता, जिससे गोहत्या नहीं रुक पा रही। ऐसे में गोवध अधिनियम को सख्ती से प्रभावी करना पुलिस की प्राथमिकता होगी। आईजी अमिताभ ठाकुर ने थाना कविनगर और सिहानी गेट का निरीक्षण किया।
जहां अधिकारियों को सभी एक्ट का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्जों से एक्ट लागू करने में आने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी भी ली। इसके साथ ही एसपी सिटी सलमान ताज, एएसपी अनूप सिंह और अन्य अधिकारियों को भी निर्देश जारी किए।
झूठे निकले रेप के आरोप तो सख्त कार्रवाई
आईजी अमिताभ ठाकुर ने बताया कि निर्भया कांड के बाद जस्टिस जेएस वर्मा कमेटी की सिफारिशों में पुलिस को निर्देश दिए गए थे कि रेप पीड़िता का तुरंत मेडिकल कराया जाए। साथ ही महिला पुलिस अधिकारी उसका बयान लें। मगर अभी भी ज्यादातर मामलों में लापरवाही बरती जाती है।
झूठे आरोप लगाने वाली महिलाओं के खिलाफ भी पुलिस आईपीसी 182, 211 में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी। इसके लिए सभी जिलों को जल्द ही सर्कुलर जारी किया जाएगा।
राजनेताओं ने मुझे झूठे आरोपों में फंसाया
जेएस वर्मा कमेटी की रिपोर्ट की सिफारिशों को सख्ती से लागू करने की बात कहते हुए अमिताभ ठाकुर खुद पर लगे आरोपों पर भी बात की। कहा कि गाजियाबाद की एक महिला ने उन पर रेप का आरोप लगाया था, जो तत्कालीन सरकार (समाजवादी) के आला नेताओं की साजिश थी।
इस मामले में कई माह बाद तक महिला का मेडिकल भी नहीं करवाया गया। बाद में मामला फर्जी निकला तो उस पर फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई। अब पुलिस का यह लक्ष्य है कि रेप के मामलों में इस तरह की गलतियां न हों।
थानों में ठेकेदारी प्रथा खत्म करेंगे
साथ ही उन्होंने दावा किया कि थानों में ठेकेदारी प्रथा पूरी तरह खत्म की जाएगी। अगर कहीं इस तरह की प्रथा चल रही है तो वहां के अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।