आनंद विहार रेलवे स्टेशन की एक बुकिंग क्लर्क ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या के कारण का खुलासा नहीं हो सका है। निशा (21) अपने परिवार के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र की आर्यनगर रेलवे कालोनी में रहती थी। परिवार में मां, दो छोटी बहनें और एक भाई है।
इनका परिवार मूल रूप राजस्थान का रहने वाला है। निशा रविवार देर शाम ड्यूटी खत्म कर घर पहुंची थी। उसकी मां, बेटी को एग्जाम दिलाने राजस्थान गईं हुईं थीं। घर पर छोटी बहन और भाई थे, जो एक कमरे में टीवी देख रहे थे।
निशा ने दूसरे कमरे में चुनरी से फंदा लगाकर पंखे पर लटककर आत्महत्या कर ली। थोड़ी देर बाद दोनों भाई-बहन जब उसे बुलाने गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने आवाज लगाई, मगर कोई जवाब नहीं मिला।
तब उन्होंने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ प्रथम इंद्रपाल सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है।
जन्मदिन पर छात्रा ने किया सुसाइड
थानाक्षेत्र की एक कालोनी में सोमवार को जन्म दिन पर 11 वीं की छात्रा ने पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। छात्रा ने खुदकुशी क्यों की इसका पता नहीं चल सका है।
थानाक्षेत्र की एक कालोनी में एक व्यक्ति परिवार के साथ रहता है। उनकी बेटी नगर के एक कॉलेज में 11 वीं की छात्रा थी। सोमवार को छात्रा का जन्म दिन था। परिजनों ने बताया कि सुबह छात्रा चुन्नी का फंदा बना पंख के सहारे लटक गई।
घटना के समय परिवार के सभी लोग घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को पता नहीं चला कि छात्रा ने कब स्ट्डी रूम में फंदा लगा लिया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसओ सुबोध सक्सेना का कहना है कि परिजनों ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।