राजनगर में मामूली कहासुनी के बाद बीए प्रथम वर्ष के छात्र को गोली मारकर घायल कर दिया गया। उसे यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बाबत अज्ञात में एफआईआर दर्ज कराई गई है। हालांकि पुलिस छानबीन में पता चल रहा है कि गोली एक पुलिसकर्मी ने चलाई थी।
घायल छात्र शशांक उर्फ ट्विंकल (21) पुत्र सुरेंद्र उर्फ मानू चौधरी रईसपुर निवासी है। उसने चार दिन पहले ही दिल्ली यूनिवर्सिटी में बीए फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया है। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह तीन दोस्तों विक्रांत, रवि और कुलदीप निवासी रईसपुर के साथ कार में बाजार गया था, जहां से उन्होंने आलू की टिक्कियां लीं।
इसके बाद चारों दोस्त राजनगर सेक्टर-7 में एक घर के सामने खड़े होकर खाने-पीने लगे। आरोप है कि घर से एक व्यक्ति निकला, जिसने गाली-गलौज करते हुए उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। इस दौरान उनकी कहासुनी हो गई और वह वहां से जाने लगे।
तभी उस व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी, जो कार की पिछली सीट को भेदती हुई राइट साइड में बैठे शशांक की कमर में जा लगी। दोस्तों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बुधवार सुबह कविनगर थाने में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज कराई है।
इस संबंध में एसपी सिटी सलमान ताज का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि गोली एक पुलिसकर्मी ने चलाई है। छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ, जिस पुलिसकर्मी पर आरोप है, उनका कहना है कि वह बेकुसूर हैं। गोली युवकों ने खुद चलाई होगी, उन्होंने फायर नहीं किया है।