जीडीए की टीम ने सोमवार को रेवन्यू जमा नहीं करने पर शिप्रा ग्रुप के सेल्स ऑफिस को सील कर दिया। साथ ही हैबिटेट सेंटर में सेटबैक एरिया में अवैध रूप से बनाई गई 19 दुकानों को तोड़ दिया। जीडीए की कार्रवाई से हड़कंप मच रहा।
जीडीए की प्रवर्तन विभाग की टीम सोमवार दोपहर को शिप्रा सन सिटी स्थित शिप्रा ग्रुप के सेल्स ऑफिस पहुंची। टीम ने जीडीए का रेवन्यू जमा करने को कहा, लेकिन बिल्डर की ओर से बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑफिस को सील कर दिया। इसके बाद टीम हैबिटेट सेंटर पहुंची।
यहां पर मॉल के बाहर सेटबैक एरिया में बनीं 19 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों की मानें तो मॉल प्रबंधन ने अवैध रूप से दुकानें बना ली थीं और उसे किराए पर दे दिया गया था। इन दुकानों पर अस्थायी रूप से स्टॉल लगाए जाते थे।
कार्रवाई से पहले दुकानदारों ने अपने स्टॉल हटा लिए थे, इससे उनका सामान नष्ट होने से बच गया।प्रवर्तन अधिकारी पीके शर्मा ने बताया कि कार्रवाई से पहले दोनों बिल्डरों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस मिलने के बाद भी जवाब नहीं दिया गया।
इसके बाद जीडीए टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान अवर अभियंता अजीत सिंह, शिवम त्यागी, इंदिरापुरम थाने की पुलिस फोर्स भी मौजूद रही।