एक दरोगा की आशिकी का राज उसके मोबाइल ने ही खोल दिया। वह बीवी-बच्चों को छोड़कर प्रेमिका संग सेल्फी लेता मॉल मल्टीप्लेक्स में घूम रहा था। पत्नी ने मोबाइल में फोटोग्राफ देखे तो वह दंग रह गई। उसने महिला थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
विजयनगर निवासी महिला का विवाह खुर्जा निवासी युवक के साथ 2008 में हुआ था। शादी के समय युवक बेरोजगार था। शादी के बाद आईटीबीपी में नौकरी लगी, इसके बाद यूपी पुलिस में दरोगा के पद पर उसका सेलेक्शन हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि इस नौकरी केबाद से ही लड़ाई झगड़े ज्यादा बढ़ गए हैं। पति के साथ-साथ सास-ससुर और ननदें परेशान करने लगी हैं। पति की मेरठ में ट्रेनिंग चल रही है। वह जब छुट्टियों में भी घर आते हैं तो उससे बात नहीं करते।
महिला ने बताया कि करीब एक माह पहले उसने पति का मोबाइल देखा तो पता चला उनका अफेयर चल रहा है। मोबाइल में प्रेमिका संग उनके काफी फोटोग्राफ थे, जिनमें वह मॉल-मल्टीप्लेक्स में शॉपिंग करते हुए और सेल्फी लेते हुए दिख रहे हैं।
उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि दरोगाओं के तो यह शौक होते हैं। इस घटना के बाद वह अपने मायके आ गई और पुलिस से शिकायत की। हालांकि महिला थाने में आरोपी को चार बार बुलाया गया है, लेकिन वह एक बार भी समझौते के लिए नहीं आया है।
महिला थाना प्रभारी अंजू तेवतिया ने बताया कि आरोपी का कहना है कि उनके डीआईजी को पत्र लिखा जाए, उनसे अनुमति मिलने के बाद वह थाने आएगा। अब उसे बुलाने के लिए डीआईजी के नाम पत्र भेजा जा रहा है।