होमगार्ड कमांडेंट की कार की टक्कर से स्कूटी सवार शिक्षिका दीपिका (25) फ्लाईओवर से उछलकर करीब 10 फीट नीचे जा गिरीं, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला कमांडेंट को गिरफ्तार कर लिया है।
दीपिका खेत्रपाल देहरादून पब्लिक स्कूल अशोक नगर में नर्सरी क्लास की टीचर थीं। तीन साल पहले कुणाल निवासी बी-59 जगदीश नगर से उनकी शादी हुई थी। कुणाल नोएडा सेक्टर-62 स्थित एक कंपनी में अकाउंटेंट हैं।
इनके दो साल की बेटी चार्वी है। दीपिका का मायका शाहदरा दिल्ली में है। बुधवार सुबह करीब सात बजे दीपिका जगदीश नगर से स्कूटी पर स्कूल जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही वह पुराना बस अड्डा फ्लाईओवर से नीचे की तरफ उतर रही थीं, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
वह उछलकर फ्लाईओवर से नीचे गिरीं और लहूलुहान हो गईं। इस दौरान भीड़ लग गई। राहगीरों ने उनके मोबाइल से नंबर लेकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उधर, हादसे के बाद राहगीरों ने कार चालक महिला को रोक लिया। महिला ने राहगीरों को बताया कि वह गाजियाबाद होमगार्ड कमांडेंट मीनाक्षी हैं। मौके पर पहुंची सिहानी गेट पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और कार को कब्जे में ले लिया।
दूसरी तरफ, होमगार्ड कमांडेंट मीनाक्षी का कहना है कि उनकी कार से स्कूटी में टक्कर नहीं लगी है। स्कूटी के पीछे उनकी कार थी, लेकिन कार और स्कूटी के बीच एक अन्य वाहन तेज रफ्तार से आया और स्कूटी में टक्कर मारकर भाग गया।
इस दौरान बचाने में उनकी कार दायीं तरफ डिवाइडर से टकरा गई थी। उनका कहना है कि वह कार में पति के साथ वसुंधरा से कलक्ट्रेट जा रही थीं। हादसे के बाद वह खुद ही रुक गई थीं और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी थी।
इस संबंध में सीओ सेकेंड मनीष मिश्र ने बताया कि आरोपी होमगार्ड कमांडेंट के खिलाफ मृतका के पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बता दें कि इसी फ्लाईओवर पर पिछले महीने कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि उसका साथी घायल हो गया था।
दीपिका ने दिवाली पर मांगे थे मां से बादाम
परिजनों ने बताया कि दीपिका ने मंगलवार रात को शाहदरा निवासी मां रोहिणी आनंद से फोन पर बात की थी। मां ने उनसे पूछा था कि दिवाली पर क्या गिफ्ट चाहिए। दीपिका ने उनसे बादाम लाने के लिए कहा था।
स्कूल में आज रहेगी छुट्टी
स्कूल की प्रिंसिपल रिचा लॉ ने बताया कि दीपिका खुशमिजाज और मेहनती थीं। उनकी मौत का सभी को बेहद दुख है। बुधवार को स्कूल में शोक सभा आयोजित की गई, बृहस्पतिवार को स्कूल की छुट्टी रहेगी।
एक घंटे लगा रहा जाम, रेंगे वाहन
पुराने बस अड्डे पर हुए हादसे के बाद दिल्ली से हापुड़ की ओर जाने वाले वाहन करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। जाम इतना लंबा हो गया कि वाहनों की कतारें मेरठ तिराहा तक पहुंच गईं। इसकी वजह से एनएच-58 की ओर जाने वाले वाहन भी रेंगने लगे।