ईद के मेले में गए तीन किशोरों का झूला मालिक से 10 रुपये न देने पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि झूला मालिक के बेटे ने तीनों किशोरों को चाकू मारकर घायल कर दिया। तीनों किशोर जीटीबी अस्पताल में भर्ती हैं।
विजयनगर के मिर्जापुर स्थित बंजारा चौक पर ईद का मेला लगा था। मेले में शाहरुख (17) पुत्र मोहम्मद खालिद, चांद (16) पुत्र अनीश, सलीम (17) पुत्र इकबाल निवासी वीर अब्दुल हमीद कालोनी विजयनगर से मेले में गए थे।
तीनों किशोर झूला झूलने के बाद 20 रुपये देने लगे जबकि झूला मालिक बाबू निवासी खैर अलीगढ़ ने तीनों से 30 रुपये मांगे। 10 रुपये के लिए उनमें कहासुनी होने लगी। इतने में पिता के साथ विवाद होता देख बाबू के बेटे बबलू ने तीनों किशोरों पर चाकू से वार कर दिया।