हाईवे पर भगवान गंज मंडी के पास सोमवार दोपहर रोडरेज में कार सवार दो युवतियों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। मारपीट के कारण करीब 10 मिनट तक हाईवे पर जाम की स्थिति रही।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब दो बजे मेरठ से दो कारें गाजियाबाद की ओर आ रही थीं।
साइड नहीं देने को लेकर दोनों के बीच पीछे से रास्ते में ही विवाद होता आ रहा था। अचानक दोनों कारें मोदीनगर कोतवाली अंतर्गत भगवान गंज मंडी कट के पास रुकीं। दोनों कारों से युवतियां नीचे उतरीं और गाली-गलौच करने लगीं। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच जमकर लात घूंसे चले।
दोनों कारें सड़क के बीचोंबीच खड़ी होने के कारण मेरठ की ओर से आ रहे वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम लग गया। इसी बीच कुछ वाहन चालकों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। करीब दस मिनट तक हाईवे पर जाम रहा। दोनों में मारपीट और गाली गलौच की वीडियो भी वायरल हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली ले गई। मामले में एसएचओ ध्रुव भूषण दूबे का कहना है कि दोनों युवतियों के बीच समझौता हो गया है। दोनों युवतियां मेरठ में अलग-अलग स्थान की रहने वाली थीं।