गाजियाबाद। नगर कोतवाली स्थित एक धार्मिक स्थल में आयोजित अभिनंदन समारोह में मंगलवार को दो धार्मिक गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान पिस्टल की बट मारकर दोनों गुटों के दो युवकों को घायल कर दिया गया।
इस दौरान मीडिया कवरेज कर रहे दो फोटोग्राफरों के कैमरे भी टूट गए। इससे नाराज मीडियाकर्मियों ने हंगामा किया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
सुबह करीब 11 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक धार्मिक स्थल में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया था।
कार्यक्रम से पहली मंजिल पर स्थित कमरे में एक धर्म गुरु ने लड़कियों की शादी 18 साल में होने की बात कही। इसका हिंद महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्य तंवर और उनके साथियों ने विरोध किया, जिस पर धर्म गुरु के समर्थक अनिल यादव और उनके साथी भड़क गए।
दोनों पक्षों में पहले गाली-गलौज हुई और बाद में दोनों पक्षों ने पिस्टलें निकाल लीं। आरोप है कि दोनों गुटों ने एक दूसरे के सिर पर पिस्टल की बट मार दी, जिससे लक्ष्य तंवर और अनिल यादव घायल हो गए।
चर्चा यह भी रही कि दोनों गुटों ने फायरिंग भी की। इस दौरान वहां मौजूद फोटोग्राफर फोटो खींचने लगे तो एक गुट के समर्थकों ने दोनों फोटोग्राफर के कैमरे छीन कर तोड़ दिए और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
कैमरे टूटने से नाराज मीडियाकर्मियों ने पहले धार्मिक स्थल पर और फिर कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया । आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस संबंध में सीओ फर्स्ट इंद्रपाल यादव ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों गुटों के दो आरोपियों थाने ले गई। देर रात तक दोनों से पूछताछ की जा रही थी। दोनों गुटों ने गाली-गलौज, मारपीट और शांति भंग की धाराओं में एक-दूसरे के खिलाफ क्रास एफआईआर दर्ज कराई है।