श्यामपार्क एक्सटेंशन स्थित रेडीमेड गारमेंट शॉप की छत के रास्ते से घुसे चोरों ने रविवार रात लाखों का माल चोरी कर लिया। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी चोरी कर ले गए। तहरीर मिलने पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
राजेंद्र नगर सेक्टर-5 निवासी मनीष गुप्ता की श्याम पार्क एक्सटेंशन मेन रोड पर रेडीमेड गारमेंट शॉप है। रविवार रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर घर गए थे। सोमवार सुबह दुकान का शटर खोला तो अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
रैक पर रखे लाखों के कीमती कपड़े गायब थे। उन्होंने जांच की तो छत का दरवाजा खुला था। मनीष गुप्ता ने बताया कि चोरों ने करीब तीन लाख रुपये का माल चोरी किया है।
ज्यादातर माल कुछ दिन पहले ही दुकान पर आया था। एसएचओ साहिबाबाद धीरेंद्र यादव ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। दुकान में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन उनकी फुटेज नहीं मिल सकी है।
- सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी कर ले गए
मनीष ने दुकान में दो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। लेकिन चोर इतने शातिर थे कि कैमरों का डीवीआर ही चोरी कर ले गए। इसके चलते पुलिस को किसी प्रकार की सीसीटीवी फुटेज हाथ नहीं लग सकी। हालांकि पुलिस को चोरी में किसी जानकार का शक है।