नवयुग मार्केट से रविवार की पैठ बाजार बंद होने के बाद धरने पर बैठे दुकानदार आज अर्धनग्न होकर पैदल मार्च निकालकर मेयर आवास ज्ञापन देने जा रहे थे। इसी बीच हापुड़ चुंगी पर जाम लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंच कर उन्हें हटाने की कोशिश की। दुकानदारों के न हटने पर पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं।
इससे कई दुकानदारों को चोटें आईं। दुकानदारों का आरोप है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च निकाल रहे थे, पुलिस ने बिना वजह दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में रविवार की सुबह करीब 10 बजे पैठ दुकानदार एक मीटिंग कर रहे थे।
इसके बाद करीब 200 से अधिक लोग अर्ध नग्न होकर चौधरी मोड़, घंटाघर, सब्जी मंडी, हापुड़ तिराहा से होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। पैठ दुकानदारों ने बताया कि वह पहले राज्यमंत्री अतुल गर्ग से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपने वाले थे, लेकिन राज्यमंत्री गाजियाबाद से बाहर गए थे।
इसके चलते वह मेयर से मिलने के लिए हापुड़ चुंगी की तरफ जाने लगे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी कि पैठ दुकानदार हापुड़ चुंगी पर जाम लगाने वाले हैं। इसके बाद सीओ (द्वितीय) समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्होंने दुकानदारों को चौराहे से हटाने के लिए कहा तो वह नहीं हटे।
इसके बाद पुलिस ने दुकानदारों को हटाने के लिए लाठी चार्ज कर दिया और दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे तीन-चार लोग घायल हो गए।दुकानदारों का कहना है कि उनका मकसद रोड पर जाम लगाना नहीं था। वह केवल अपनी मांगों को लेकर मार्च निकाल रहे थे और वह मेयर के पास जा रहे थे।
जहां पुलिस ने उन्हें घेर कर लाठी चला भांज दी। एसपी सिटी आकाश तोमर का कहना है कि पुलिस ने जुलूस निकाल रहे लोगों को चौराहे से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। साथ ही वह पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने लगे तो इस पर पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें चौराहे से हटाया।
पास में ही होना था राज्यपाल का कार्यक्रम
एसपी सिटी ने बताया कि हापुड़ चुंगी से कुछ दूरी पर ही रविवार को राज्यपाल राम नाईक का कार्यक्रम होना तय हुआ था। इस दौरान ही करीब 200 पैठ बाजार दुकानदार राज्यपाल के कार्यक्रम स्थल की ओर जाने लगे। यह लोग वहां पहुंचकर हंगामा करने की तैयारी में थे। इसलिए उन्हें रोका गया।
शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था को खराब करने के मामले में करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट इस मामले में पहले ही अपना फैसला सुना चुका है कि नवयुग मार्केट में बाजार नहीं लगेगा।