यशोदा अस्पताल के सामने शुक्रवार की रात पांच बदमाशों ने दिल्ली पुलिस के दारोगा से कार और सोने की चेन लूट ली। दरोगा के विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें पीटा और जान से मारने की धमकी दी। दरोगा यशोदा अस्पताल में भर्ती अपने बेटे को देखकर घर लौट रहे थे।
लाजपत नगर के ब्लॉक-ए निवासी योगेश कुमार राजपूत दिल्ली पुलिस की रिजर्व बटालियन में दरोगा हैं। तबीयत खराब होने की वजह से उनका बेटा अंश राजपूत यशोदा अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार रात करीब पौने 10 बजे बेटे से मिलकर घर लौट रहे थे।
अस्पताल के सामने सर्विस लेन पर खड़ी कार में बैठने ही जा रहे थे कि पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और पीटने लगे। दरोगा को बदमाशों ने उन्हीं की कार के अंदर घसीट लिया। विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
उनके गले से सोने की चेन लूट ली। बदमाशों ने उन्हें कार से उतार दिया और उनकी ईको स्पोर्ट्स कार लेकर भाग गए। दरोगा ने पुलिस को मामले की सूचना दी, कार में ही वाहन के कागजात और मोबाइल भी रह गया।
उनका कहना है कि बदमाशों के सामने आने पर उन्हें पहचान लेंगे। थाना इंदिरापुरम एसएचओ ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।