पड़ोस के मुंहबोले देवर ने एक महिला के फोटो और वीडियो फेसबुक पर डालकर अश्लील कमेंट कर दिए। बदनामी के डर से महिला का परिवार पलायन कर चुका है। इसके बावजूद युवक अपनी हरकत से बाज नहीं आया और दोबारा फोटो डाले व अश्लील कमेंट किए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
नगर की एक कालोनी में महिला परिवार सहित रहती है। आरोप है कि पड़ोसी युवक महिला का मुंहबोला देवर लगता है। इसके चलते घर में युवक का आना-जाना लगा रहता था। करीब छह माह पूर्व दोनों के परिवार में किसी बात पर झगड़ा हो गया था।
आरोप है कि युवक ने तीन माह पूर्व महिला के फोटो और वीडियो फेसबुक पर डालकर अश्लील कमेंट्स कर दिए। मामले को लेकर दोनों परिवार के बीच कहासुनी हो गई। बदनामी के डर से महिला का परिवार किसी दूसरे शहर में चला गया।
आरोपी युवक ने चार दिन पूर्व दोबारा महिला के फोटो और वीडियो फेसबुक पर डालकर अश्लील कमेंट किए। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के पति को जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़िता शनिवार रात थाने पहुंची और आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
एसओ सरताज अहमद ने बताया कि सोनू नामक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।