नेहरू नगर आरओबी के पास रेलवे ट्रैक पर बृहस्पतिवार सुबह शिवा पेट्रोल पंप के मालिक नरेंद्र गर्ग के बेटे परमिंदर (47) का क्षत विक्षत शव मिला। प्रथम दृष्टया पुलिस को मामला आत्महत्या का लग रहा है, अंदेशा है कि डिप्रेशन के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
वहीं, परिजनों का मानना है कि परमिंदर की मौत हादसा है। रेलवे ट्रैक पार करते हुए ट्रेन की चपेट में आ गए। पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है। परमिंदर नेहरू नगर द्वितीय-ए ब्लॉक में पिता नरेंद्र गर्ग, पत्नी मीनू, बेटे निमित और सुमित के अलावा भाई अखिल के साथ रहते थे। जीटी रोड पर ठाकुरद्वारा पुल के पास उनका पेट्रोल पंप है।
अखिल गर्ग ने बताया कि वह रोजाना मॉर्निंग वॉक के लिए जाते थे। सुबह सवा पांच बजे भी वह कार लेकर निकले थे। सुबह आठ बजे तक वापस नहीं लौटे तो परिवार को लगा कि वह पेट्रोल पंप पर चले गए होंगे। इस दौरान पुलिस ने घर पहुंचकर परमिंदर की मौत की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
एसएचओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि सवा सात बजे राहगीर ने कंट्रोल रूम में सूचना दी थी। शव से कु छ दूरी पर कार की चाभी पड़ी मिली। नेहरूनगर की ओर खड़ी कार के नंबर से उनके घर का एड्रेस ट्रेस किया गया। एसएचओ ने बताया कि मामला सुसाइड का लग रहा है, हालांकि सुसाइड नोट नहीं मिला है।