राजनगर एक्सटेंशन-करहेडा रोड पर एक कारोबारी की तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल तोड़ती हुई उछलकर करीब आठ फीट नीचे खेत में गिर गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और कारोबारी की मौत हो गई।
मृतक राजकुमार अग्रवाल (45) पुत्र वेदप्रकाश अग्रवाल निवासी डी ब्लाक नंदग्राम थे। वह हिंडन विहार में वाटर टैंक बनाने का कारोबार करते थे। बुधवार देर रात वह राजनगर एक्सटेंशन चौराहे से जीटी रोड की तरफ जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, उनकी कार की स्पीड 100 से ऊपर थी। इसी कारण सिटी फोरेस्ट के पास सड़क पर बने डी-टाइप के टर्निंग प्वाइंट पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लोहे की ग्रिल से टकराई और कई बार पलटी खाकर नीचे खेत में गिर गई।
इससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हादसे में राजकुमार की मौत हो गई। इस संबंध में एसएचओ सिहानी गेट अवनीश दीक्षित ने बताया कि मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के उसकी शिनाख्त हुई। उन्होंने बताया कि स्पीड तेज होने के कारण कार नियंत्रित नहीं हो सकी।
रात भर खेत में पड़ी रही कार
हादसे के बाद रातभर कार खेत में पड़ी रही, जिसमें राजकुमार का शव भी था। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने क्षतिग्रस्त कार को देखा तो उसमें एक शव पड़ा हुआ था। लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। तब पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।