बैंकों के बाहर लाइन में लगे लोगों के साथ-साथ पुलिस का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सारा-सारा दिन लाइन में लगकर भी पैसा नहीं मिलने से वे एक दूसरे का खून बहा रहे हैं। कौशांबी में मंगलवार को एक युवक सिर दबंगों ने इसलिए फोड़ दिया क्योंकि उसने लाइन तोड़ने का विरोध किया था। इसी तरह लोनी में चार घंटे से लाइन में लगी महिला जब बाहर निकली तो पुलिसवालों ने लाइन तोड़ने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर दी।
मुख्य तिराहे के पास स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स की शाखा पर रुपये निकालने पहुंची एक महिला को लाइन से बाहर निकलना भारी पड़ गया। ड्यूटी पर तैनात पीएसी के दरोगा और एक महिला कांस्टेबल ने लाइन तोड़ने का आरोप लगाते हुए महिला की जमकर पिटाई की।
विरोध करने पर महिला को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि महिला के परिजनों के माफी मांगने के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। देर शाम पिटाई का वीडियो वायरल हो गया।
इसके बाद अधिकारी महिला की ही गलती बताकर पल्ला झाड़ते दिखे। दूसरी तरफ, एसएसपी ने महिला कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की जांच थानेदार को सौंपी गई है।
अशोक विहार कालोनी निवासी एक महिला सुबह सात बजे से लोनी तिराहे के पास स्थित ओरिएंटल बैंक ऑफ कामर्स की शाखा के बाहर रुपये निकालने के लिए लाइन में लग गई थी। करीब चार घंटे बाद सुबह करीब 11 बजे महिला का सब्र टूट गया तो वह लाइन से बाहर निकलने लगी।
इस दौरान कुछ लोगों ने महिला पर लाइन तोड़कर आगे बढ़ने का आरोप लगाते हुए शोर मचा दिया। ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक दरोगा और महिला कांस्टेबल आए और महिला को पकड़ने लगे। आरोप है कि महिला ने इस दौरान महिला कांस्टेबल को धक्का दे दिया।
इस पर कांस्टेबल ने महिला पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। पास ही खड़े पीएसी के सब इंस्पेक्टर ने भी महिला पर लाठियां बरसा दीं। इस दौरान कुछ और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और महिला को पकड़कर पीसीआर वैन में बैठाकर थाने ले गए।
महिला के परिजनों को मामले की सूचना मिली तो वे लोनी कोतवाली पहुंचे ओर माफी मांगी, जिसके बाद पुलिस ने महिला को छोड़ दिया। सीओ लोनी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि महिला ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता के साथ हाथापाई भी की।
इस दौरान पीएसी के दरोगा और कांस्टेबल ने महिला को शांत करने के लिए उस पर हल्का बल प्रयोग किया। इस संबंध में एसएसपी दीपक कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। महिला कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
वीडियो वायरल हुआ तो अफसरों ने झाड़ा पल्ला
घटना के बाद जब मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों से मांगी गई तो उन्होंने घटना होने से ही इंकार कर दिया लेकिन जब शाम को मामले का वीडियो वायरल हो गया तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घटना की जानकारी ली गई, जिसके बाद अधिकारी महिला की गलती बताते हुए पल्ला झाड़ते दिखे।
लोनी कोतवाली में पहले भी हो चुकी है एक महिला की पिटाई
22 सितंबर 2015 के दिन लोनी पुलिस के ही एक एसआई ने थाने में एक महिला को लाठी से पीटा था। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद एसआई को सस्पेंड कर दिया गया था। लोनी पुलिस पर अक्सर लोगों से बदसलूकी के आरोप लग चुके हैं।
पत्थर से मारकर फोड़ दिया सिर, युवक की हालत गंभीर, परिजनों ने किया हंगामा
न्याय खंड-1 स्थित देना बैंक की शाखा पर मंगलवार सुबह दबंगों को लाइन तोड़कर बैंक में घुसने से रोकना एक युवक को महंगा पड़ गया। दबंगों ने युवक की जमकर पिटाई की और पत्थर से मारकर युवक का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खोड़ा निवासी शाहरुख इलाके में ही पिता आबिद के साथ सिलाई का काम करते हैं। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह न्यायखंड-1 स्थित देना बैंक पर रुपये बदलने पहुंचे थे। सुबह करीब 10 बजे जब बैंक के अंदर जाने का उनका नंबर आया तो चार युवक पीछे से आए और बैंक में घुसने लगे।
शाहरुख ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी युवकों ने पास ही पड़ा पत्थर मारकर शाहरुख का सिर भी फोड़ दिया। इसके बाद युवक पत्थर बरसाते हुए भाग गए। घटना के बाद परिजनों ने बैंक के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगाें को शांत कराया। शाहरुख को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसओ इंदिरापुरम शीलेश यादव ने बताया कि शिकायत लेकर युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस ने फटकारीं लाठियां
घटना के बाद बैंक के बाहर खड़े लोग हंगामा और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ लोग लाइन तोड़ कर बैंक में घुस गए। व्यवस्था गड़बड़ाती देख कर पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को शांत कराया।