बागपत। लुहारी गांव के युवक अर्जुन की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी वरुण लुहारी पुलिस के हत्थे चढ़ा गया। वह मंगलवार को कोर्ट में तारीख पर जा रहा था। कोर्ट पहुंचने से पहले ही पुलिस ने कचहरी के पास से उसे पकड़ लिया। इस दौरान वरुण ने कहा उसने न अर्जुन की हत्या और न ही आर्यन की। पुलिस उसे साजिश के तहत केस में फंसा रही है।
लुहारी गांव के (हाल निवासी बड़ौत) वरुण को गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार को दोपहर के समय वरुण व्यापारी से रुपये मांगने संबंधी केस में तारीख पर सीजेएम कोर्ट में जा रहा था। इसकी जानकारी पुलिस को मिल गई। पुलिस ने कचहरी के आसपास जाल बिछा दिया। जैसे ही वरुण अधिवक्ता के चैंबर से बाहर निकला, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। शोर-शराबा होने पर वहां काफी लोग इकट्ठे हो गए।
पुलिस उसे अपने साथ ले जाने लगी। इस दौरान वरुण ने मीडिया के सामने कहा, उसने अपनी गांव के अर्जुन की हत्या नहीं की है, लेकिन पुलिस ने उसे केस में फंसा दिया। भड़ल गांव के छात्र आर्यन उर्फ क्रिश की हत्या से उसका कोई लेना-देना नहीं है, पुलिस इस केस में भी उसे फंसाना चाहती है। पुलिस साजिश के तहत उसके खिलाफ केस दर्ज कर रही है। आर्यन के पिता रविंद्र बार-बार उसका नाम लेकर कह रहे है, उसका इस घटना से मतलब नहीं है।