मैनेजर के घर से लाखों की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
विष्णु एंक्लेव में चोरों ने रविवार रात नोकिया कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर के घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने और कैश उड़ा लिया। सोमवार सुबह घर पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने शिकायत लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गोविंदपुरम के विष्णु एंक्लेव निवासी मनोज चौधरी नोएडा में नोकिया कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। पिछले कुछ दिनों से उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर गोविंदपुरम में ही कुछ दूर स्थित मायके गई हुई हैं। रविवार को छुट्टी होने के चलते वह भी पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल गए थे। सोमवार सुबह जब लौटे तो घर के मेन गेट का ताला टूटा था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने बेडरूम की अलमारी का लॉक तोड़कर लाखों रुपये के गहने और 25 हजार कैश चोरी कर लिया था। उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसएचओ कविनगर नीरज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएचओ कविनगर ने बताया कि मनोज की पत्नी कई दिन से मायके गई हैं मगर वह रविवार को ही घर से गए थे। ऐसे में चोरी में किसी ऐसे आदमी का हाथ है जो जानता था कि घर में कोई नहीं है। आसपास कपड़े प्रेस करने वाले और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।