दयानंद नगर में चोरों ने बृहस्पतिवार सुबह एक मैनेजर के घर से आठ लाख की ज्वैलरी चोरी कर ली। हालांकि चोर वहां रखी करीब 15 लाख की डायमंड ज्वैलरी छोड़ गए। इससे पुलिस को घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
डी-16 दयानंद नगर में परिवार के साथ रहने वाले राजीव मल्होत्रा नोएडा सेक्टर-58 की एक मल्टी नेशनल कंपनी में मैनेजर हैं, जबकि उनकी पत्नी पायल नोएडा की बीपीसीएल कंपनी के चीफ मैनेेजर की पीए हैं।
राजीव ने बताया कि सुबह करीब सात बजे वह बच्चों (आर्यन और कबीर) को स्कूल बस में बैठाकर पत्नी के साथ नेहरू स्टेडियम में वॉक के लिए निकल गए। घर पर में उनकी मां, पिता और मेड थीं। उन्होंने बताया कि वह करीब साढ़े आठ बजे लौटे तो उनके कमरे में ज्वैलरी वाला बैग बाहर रखा हुआ था।
उसे चेक किया तो उसमें से एक छोटा बैग गायब था। इस बैग में करीब आठ लाख रुपये कीमत की सोने की ज्वैलरी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने छानबीन की।
एसएचओ सिहानी गेट अवनीश दीक्षित का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। एसएचओ ने बताया कि एक बड़े बैग में तीन छोटे बैग रखे थे।
इन तीनों बैगों में उनकी ज्वैलरी और कैश रखा था। चोर केवल एक बैग ही लेकर भाग गए। वह दो बैग घर पर ही छोड़ गए। दोनों बैग में हीरे और सोने की करीब 15 लाख की ज्वैलरी है। वहीं, एक बैग में 10 हजार रुपये रखे हैं, वह बैग भी चोर छोड़ गए हैं। पुलिस को करीबी पर ही चोरी का शक है।
मेड बोली, उसे लगा कि कमरे में मालकिन हैं
पुलिस पूछताछ में मेड प्रभा ने बताया कि जब राजीव की मां प्रेम मल्होत्रा ने उससे पूछा था कि कमरे में कौन है तो उसने उनसे कहा था कि कमरे में मालकिन हैं। इससे पुलिस को उस पर भी शक है। वहीं, पुलिस ने बताया कि प्रेम बाथरूम में थीं, वहीं उनके पति बलदेव कमरे में आराम कर रहे थे।