रामपार्क क्सटेंशन कालोनी में छापामारी करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर शराब माफियाओं ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अधिकारियों की तीन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। टीम के सदस्यों ने इधर-उधर छिपकर जान बचाई। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आबकारी निरीक्षक आरपी सिंह की अगुवाई में विभाग की टीम छापामारी करने रामपार्क एक्सटेंशन कालोनी पहुंची। छापामारी की भनक लगने पर शराब माफिया भाग खड़े हुए।
जब विभागीय टीम घरों से बरामद शराब को कब्जे में लेने लगी, तभी एक 12 से अधिक शराब माफिया इकट्ठा होकर वहां पहुंचे। उन्होंने विभाग की गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो इस दौरान शराब माफियाओं की तरफ से 24 से ज्यादा राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे हड़कंप मच गया।
अधिकारी-कर्मचारी भाग खड़े हुए। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। ट्रोनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, बाकी भाग गए। ट्रॉनिका सिटी थाना एसओ उम्मेद यादव ने बताया कि आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर दीपक, राजेश बिहारी, विक्की बिहारी, गुड्डू पंडित, रवि, रहीस और बंटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक कर्मचारी के गोली लगने का हल्ला, पुलिस का इंकार
आसपास के लोगों का कहना है कि फायरिंग में आबकारी विभाग के एक कर्मचारी को भी गोली लगी है। हालांकि पुलिस गोली लगने से इंकार कर रही है। एसओ का कहना है कि गोली लगने की सूचना अफवाह है।
बिना पुलिस बल के पहुंच गई आबकारी टीम
क्षेत्र में यह बात भी चर्चा का विषय बनी है कि आबकारी टीम बिना पुलिस बल छापामारी करने क्यों आई। लोग यह भी आरोप लगा रहे हैं कि आबकारी और पुलिस विभाग की मिलीभगत से ही यहां शराब बेची जाती है।