खोड़ा कालोनी में छह जनवरी 2015 को हुए विमल चौहान हत्याकांड में जिला जज की कोर्ट ने दो आरोपियों आजीवन कारावास और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
खोड़ा कालोनी के गीतांजलि कालोनी में रहने वाले ललित मोहन ने पाल मोहल्ले में रहने वाले दोस्त अंकित पाल के साथ मिलकर विमल चौहान की उस समय चाकू मारकर हत्या कर दी थी, जब वह चाऊमीन के ठेले के पास खड़ा था।
आरोप था कि विमल चौहान आए दिन ललित की रिश्तेदार एक लड़की से छेड़छाड़ करता था। इसी से क्षुब्ध होकर उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। विमल के पिता ने ललित और अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोर्ट ने 21 दिसंबर को इस मामले में दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया था और सजा पर बहस के लिए 24 दिसंबर की तारीख नियत की थी। बहस केबाद कोर्ट ने शनिवार को दोनों आरोपियों को उम्रकैद और जुर्माने की सजा सुनाई है।
---