बेखौफ बाइकर्स ने सोमवार सुबह आत्माराम स्टील तिराहे के पास बीएसएनएल के जेई मनीष निरवाल समेत दो लोगों से लूटपाट की। इस घटना में पुलिस के हाईटेक कंट्रोल रूम की भी पोल खुल गई। जेई ने सूचना देने के लिए तीन बार कंट्रोल रूम में फोन किया, मगर कॉल ही रिसीव नहीं हुई।
मनीष शास्त्रीनगर में रहते हैं। वह बीएसएनएल की जालंधर (पंजाब) ब्रांच में जेई हैं। दिवाली पर वह घर आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे सास को लेने के लिए वह स्कूटी पर लाल कुआं जा रहे थे।
जैसे ही वह डायमंड फ्लाईओवर से आगे आत्माराम स्टील तिराहे के पास पहुंचे, उन्होंने देखा कि बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक पर जा रहे एक व्यक्ति को रोककर लूटपाट की। यह देखकर उन्होंने स्कूटी की स्पीड तेज कर दी, लेकिन बाइकर्स ने उनका पीछा किया और ओवरटेक कर रोक लिया
तमंचा सटाकर उनसे चेन-अंगूठी और 600 रुपये लूटकर फरार हो गए बदमाशों के जाने पर उन्होंने तीन बार कंट्रोल रूम में कॉल की, रिसीव नहीं होने पर उन्होंने अपने पिता को फोन किया। पिता ने पुलिस को सूचना दी, तब पुलिस मौके पर आई और छानबीन की।
मनीष ने बताया कि बदमाश नई उम्र के थे, उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। उनकी बाइक का नंबर वह नोट नहीं कर सके। इस संबंध में एसओ कविनगर अवधेश यादव ने बताया कि लुटेरों की तलाश और मामले की जांच जा रही है। थाने में मनीष ने तहरीर दी है, दूसरी व्यक्ति ने घटना की सूचना नहीं दी है।