पति के दोस्त ने एक महिला को नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसके साथ रेप किया और एमएमएस बनाकर उसे फेसबुक पर अपलोड कर दिया। इस मामले में साहिबाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साहिबाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़ित महिला ने बताया कि पति के दोस्त इरफान निवासी पसौंडा ने उसे झांसा दिया था कि वह उसे आंगनबाड़ी कार्यकत्री बनवा देगा, उसकी काफी जान पहचान है।
पिछले करीब छह माह से वह इसी बहाने से उनके घर आता था। कुछ दिन पहले पति की अनुपस्थिति में इरफान एक युवक के साथ घर आया और आंगनबाड़ी कार्यकत्री बनवाने के लिए उससे डिटेल्स नोट की। इस दौरान इरफान कोल्ड ड्रिंक ले आया। कोल्ड ड्रिंक पीते ही वह बेहोश हो गई।
जब उसे होश आया तो इरफान और वह युवक जा चुके थे। हाल ही में इरफान ने उसके साथ रेप करने की कोशिश की, उसने विरोध किया तो इरफान ने उसे एमएमएस दिखाया, जिसमें वह उसके साथ रेप कर रहा है। यह एमएमएस उसी दिन का था, जिस दिन उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई थी। तब उसे घटना की जानकारी हुई और उसने इस संबंध में साहिबाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
इरफान को जब एफआईआर का पता चला तो उसने एमएमएस को फेसबुक पर अपलोड कर दिया। इस संबंध में एसओ साहिबाबाद ने बताया कि रेप और आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।