तीन तलाक के विरोध में आवाज उठाने वाली कैला भट्ठा की मुस्लिम महिला ने अब हिंदू धर्म अपनाने की घोषणा कर दी है। महिला का कहना है कि हिंदू धर्म अपनाने के बाद वह अपना नाम दामिनी और अपने बेटे का नाम ओम रखेगी। बृहस्पतिवार को राजनगर स्थित आर्य समाज मंदिर में जय शिव सेना के बैनर तले आयोजित प्रेसवार्ता में महिला ने यह घोषणा की।
महिला ने कहा कि वह चार-पांच दिनों के भीतर ही विधिवत रूप से हिंदू धर्म अपनाएगी। हिंदू धर्म अपनाने के बाद वह मुस्लिम समाज की उन महिलाओं का जीवन संवारने का काम करेगी जो धर्म व समाज के नाम पर यातनाएं झेल रही हैं। महिला ने कहा कि वह तीन तलाक वाली प्रथा को बंद कराने को लड़ाई लड़ेगी।
गौरतलब है कि कैला भट्टा की रहने वाली इस मुस्लिम महिला का निकाह 2006 में हुआ था। पिछले दिनों उसके पति ने गुस्से में उसे तलाक दे दिया था। बाद में अपनी गलती मानते हुए पति ने दोबारा निकाह करने के लिए अपने ही एक दोस्त के साथ महिला का हलाला कराया।
हलाला के बाद जब वह पति के पास गई तो पति ने दोबारा निकाह नहीं किया और उससे गलत काम कराने की कोशिश करने लगा। तब से महिला लगातार यातनाएं झेल रही है।प्रेसवार्ता में मौजूद जय शिव सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित आर्यन ने बताया कि इस महिला के अलावा कई अन्य पीड़ित मुस्लिम महिलाओं ने उनसे संपर्क किया है।
जय शिव सेना ने सभी का साथ देने का वादा किया है। प्रेस वार्ता के दौरान वीएचपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. हरपाल सिंह, जय शिव सेना के महासचिव ललित चौधरी, प्रियंका आर्य, आर्य समाज मंदिर के प्रधान श्रद्धानंद शर्मा आदि मौजूद रहे।