हिन्द महासभा के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
बरेली जा रहे हिंद महासभा के सैकड़ों सदस्यों को बृहस्पतिवार सुबह गोविंदपुरम के पास पुलिस ने हिरासत में ले लिया। महासभा के सदस्य महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में मौलाना तौकीर रजा को उपहार में एक जानवर देने बरेली जा रहे थे।
इससे पहले गोविंदपुरम में सैकड़ों की संख्या में हिंद महासभा के सदस्य एकत्र हुए। राहगीरों ने कविनगर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी सदस्यों को गोविंदपुरम पुलिस चौकी के पास रोक लिया।
इसके बाद पुलिस सबको हिरासत में लेकर कविनगर थाने पहुंची। देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह के आदेश पर सभी को निजी मुचलकों पर छोड़ दिया गया। इस दौरान सदस्य लगातार तौकीर रजा पर कार्रवाई की मांग करते हुए नारा लगाते रहे।
हिंद महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव सक्सेना ने कहा कि नारी शक्ति का अपमान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव मुकेश अरोड़ा, योगेंद्र सिंह, सुरेंद्र पंडित, अजय पुरोहित आदि शामिल रहे।