कविनगर में मेडिकल स्टोर संचालक को गोली मारकर लूट करने के मामले में पुलिस आरोपियों को ट्रेस करने के लिए ‘फ्लैश बैक’ में जाएगी। पुलिस बदमाशों की तलाश में दोबारा सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस तरह का एक गैंग जेल में भी बंद है, जिसके साथियों के बारे में सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं।
12 अप्रैल को बाइकर्स ने गांधीनगर में गारमेंट शोरूम संचालक वरुण गर्ग से एड्रेस पूछने के बहाने हथियारों के बल पर कै श, सोने की चेन और दो अंगूठियां लूटी थीं। वारदात के दौरान बदमाशों ने कहा था कि हरियाणा के हैं, ऐसे ही एड्रेस पूछते हैं। बुरा मत मानना।
बदमाशों की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके अलावा 17 अप्रैल को टू-व्हीलर शोरूम संचालक प्रमोद गर्ग से बाइकर्स ने रास्ता पूछने के बहाने कविनगर में लूट की थी। बदमाश उनसे 4 तोले का सोने का ब्रेसलेट लूटकर ले गए थे। वारदात के दौरान बदमाशों ने खुद को हरियाणा का बताया था।
अब शनिवार रात कविनगर थाने के पास मेडिकल स्टोर रिप्र्रेजेंटेटिव विकास और मेडिकल स्टोर संचालक प्रवीण को गोली मारकर बाइक सवार बदमाशों ने 10 तोले सोने की चेन, सोने का कड़ा और साढे़ सात हजार रुपये लूट लिए थे।
बदमाशों ने इस दौरान यह भी कहा था कि वह हरियाणवी छोरे सै, गोली मार देंगे। सीओ द्वितीय मनीष मिश्रा ने बताया कि तीनों वारदातों की मोडस आपरेंडी एक जैसी है, जिस कारण पुलिस तीनों घटनाओं की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है।