दिल्ली-एनसीआर में 500 से अधिक गाड़ियों की बैटरी चोरी कर चुके गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस ने रविवार रात वजीराबाद रोड से धर दबोचा। इसी गैंग ने पिछले सप्ताह शालीमार गार्डन में 21 बैटरी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उनके पास से 17 बैटरी और चोरी के औजार बरामद किए गए हैं। गिरोह सिर्फ मारुति कंपनी की कारों की बैटरी चोरी करता था।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि पांच जून की रात को शालीमार गार्डन में चोरों ने 21 गाड़ियों की बैटरी चोरी की थी। मामले की जांच की गई तो पता चला कि गिरोह दिल्ली एनसीआर में सक्रिय है और लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वजीराबाद से गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ है।
पकड़े गए बदमाशों में गिरोह के सरगना काके, भूषण, राजू, रोहित निवासी विजय नगर और देवेंद्र शर्मा निवासी भोपुरा साहिबाबाद हैं। सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
अलग तकनीक से सिर्फ मारुति कंपनी की बैटरी चोरी करते थे
एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग एरिया को टारगेट करता था। वह सिर्फ मारुति कंपनी की कारों से बैटरी चोरी करता था। सरगना काके पहले टैक्सी चलाता था। उसे पता था कि कैसे बिना लॉक तोड़े बोनट खुल जाता है।