शालीमार गार्डन गौड़ प्लाजा चौक पर शुक्रवार सुबह सरेराह हथियारबंद बदमाशों ने क्लीनिक के सामने महिला डॉक्टर से चेन लूट ली। इस दौरान डॉक्टर के मामा ने बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों ने उन पर भी तमंचा तान दिया। इसके बाद बदमाश शिव चौक की ओर फरार हो गए। बदमाश क्लीनिक के बाहर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गए।
तहरीर मिलने पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।नोएडा सेक्टर-34 नीलगिरी अपार्टमेंट निवासी डा. सोनाली लंगर शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 गौड़ प्लाजा चौक पर अपना क्लीनिक चलाती हैं। शुक्रवार सुबह करीब पौने दस बजे वे कार से क्लीनिक पहुंची और कार से बैग निकालने लगीं।
इस दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गले से चेन झपटने की कोशिश की। चेन टूटकर महिला डॉक्टर के हाथ में आ गईं। इस दौरान एक बदमाश बाइक से नीचे उतरा और डॉक्टर की कनपटी पर तमंचा तान दिया। घबराई डॉक्टर ने चेन बदमाश को दे दी, इसके बाद बदमाश बाइक पर बैठकर भागने लगा।
घटना होती देख सामने ही खड़े सोनाली के मामा तेज किशन ने बदमाश के पीछे दौड़ लगा दी। इस दौरान बदमाश ने तमंचा तेज किशन पर तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। तेज किशन रुक गए तो बदमाश शिव चौक की ओर फरार हो गए। एएसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है।चेन झपटकर भागते बदमाश डॉक्टर के मामा पर तमंचा तानते क्लीनिक के बाहर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गए। कैमरे की फुटेज में सफेद रंग की बाइक पर हेलमेट लगाए दो बदमाश दिखाई दे रहे हैं। इनमें से पीछे बैठे बदमाश ने सोनाली के मामा पर तमंचा ताना हुआ है।
हालांकि कैमरे में लूट की घटना कैद नहीं हो सकी क्योंकि क्लीनिक के बाहर एक पेड़ है। उधर, सोनाली ने बताया कि बाइक का नंबर 4348 था। हालांकि वह पूरा नंबर नहीं देख पाईं। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी है।