फेसबुक पर प्यार के इजहार के बाद शामली की एक युवती मोदीनगर में अपने प्रेमी से मिलने पहुंच गई। प्रेमी और प्रेमिका यहां एक रेस्टोरेंट में बातें कर रहे थे कि युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बस फिर क्या था।
फेसबुक पर प्यार का दम भरने वाले युवक के चेहरे से हवाइयां उड़ने लगीं। मामला थाने तक पहुंच गया। जहां युवक ने युवती और उसके परिजनों से माफी मांगी। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
मुरादनगर का रहने वाला एक युवक मोदीनगर में एक दुकान पर काम करता है। शामली में रहने वाली एक युवती से उसकी फेसबुक पर करीब एक साल से बात चल रही थी। युवती ने बताया कि युवक ने फेसबुक पर ही उससे प्यार का इजहार किया।
इसके बाद युवक के कहने पर वह बृहस्पतिवार को घर छोड़कर युवक से मिलने मोदीनगर पहुंच गई। दोनों मोदीनगर के रेस्टोरेंट में बातचीत कर रहे थे। उधर, युवती के परिजन भी मोबाइल की लोकेशन और कॉल के जरिए मोदीनगर में उक्त रेस्टोरेंट तक पहुंच गए।
युवती के परिजनों को देखकर युवक के होश उड़ गए। जरा सी देर में वहां हंगामा खड़ा हो गया। युवती का कहना था कि वह युवक से प्यार करती है। उधर, युवती के परिजनों को देखकर युवक ने प्यार से साफ इंकार कर दिया। उसका कहना था कि युवती से उसकी सिर्फ दोस्ती है।
उसने यह भी कहा कि वह युवती से अब दोस्ती भी खत्म कर देगा। कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी और समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था। युवती अपने परिजनों के साथ शामली लौट गई है।
फेसबुक पर बनाईं मॉडल की चार फर्जी आईडी, कर रहे अश्लील कमेंट
शहर की एक मॉडल के नाम से फेसबुक पर चार फर्जी आईडी बनाकर अश्लील मैसेज और कमेंट करने का मामला सामने आया है। मॉडल ने सिहानी गेट थाने में इस संबंध में शिकायत की है।
पीड़िता सिहानी गेट थाना क्षेत्र की एक कालोनी में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह करीब 3 साल से मॉॅडलिंग कर रही हैं। हाल ही वह कुछ गाने शूट करने मुंबई गईं थीं। वहां उन्हें पता चला कि कुछ लोगों ने उनके नाम से फेसबुक पर चार फर्जी आईडी बना रखी हैं।
इन आईडी पर लोग अश्लील कमेंट, स्टेट्स और वीडियो शेयर कर रहे हैं। ऐसा होने से उनके काम पर फर्क पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि आईडी चलाने वाले उनके असली फेसबुक अकाउंट से कई फोटोज निकाल कर फर्जी आईडी पर पोस्ट कर रहे हैं।
सिहानी गेट एसएचओ अवनीश गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में सर्विलांस और साइबर एक्सपर्ट टीम की भी मदद ली जाएगी।