थाना भोजपुर क्षेत्र में हापुड़ रोड से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के कार्यालय पर शुक्रवार दोपहर तीन हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। उन्होंने एजेंसी मालिक के भांजे समेत तीन कर्मचारियों को गनप्वाइंट पर लेकर 22 हजार रुपये, पर्स और तीन मोबाइल लूट लिए।
बदमाश जाते समय कार्यालय के बाहर ताला लगा गए। मामले में एजेंसी मालिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।भोजपुर थाने के पास हापुड़ रोड से करीब 300 मीटर की दूरी पर भोजपुर निवासी नवल सिंह की राज इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी का कार्यालय है।
दोपहर पौने दो बजे तीन बदमाश कार्यालय में घुस आए और नवल सिंह के भांजे अंकुर, कर्मचारी समीर भारद्वाज और गन मैन दीपक को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने गल्ले से 22 हजार रुपये, पर्स और तीनों के मोबाइल लूट लिए।
बदमाशों ने जाते समय तीनों लोगों के हाथ-पैर बांध दिए और कार्यालय पर बाहर से ताला लगाकर भाग निकले। वहीं सूचना पर थाना प्रभारी रविंद्र राठी मय फोस के साथ एजेंसी के कार्यालय पहुंचे। एसओ ने बताया कार्यालय जंगल में स्थित है। वहां सीसीटीवी नहीं लगे थे और गनमैन छुट्टी पर था।
कर्मचारी दीपक ने बताया कि बदमाशों ने कार्यालय में आते ही उनसे कनेक्शन के पैसे पूछे। वह लोग कुछ समझ पाते तभी उन्होंने पिस्टल और तमंचे कर्मचारियों पर तान दिए। दीपक ने बताया कि बदमाशों के चेहरे खुले थे। तीनों बदमाशों की उम्र 20 से 25 वर्ष की बीच थी। अंकुर ने बताया कि वह एक कमरे में थे।
बदमाशों ने उनसे और रुपये कहां रखे हैं, बताने को कहा। बदमाशों के जाने के बाद शोर मचाने पर ताला खुल सका। मामले में एजेंसी मालिक नवल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।