इस बार चुनावी मंथ में गाजियाबादियों ने जमकर शराब पी। आबकारी विभाग के आंकडे़ बताते हैं कि एक फरवरी से 10 मार्च तक के बीच गाजियाबाद में लाखों लीटर इंग्लिश, देसी और बीयर की बोतलें बिकीं।जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि गाजियाबाद में बीयर की 92, अंग्रेजी शराब की 94, देसी शराब की 200 और 50 मॉडल शॉप हैं।
एक फरवरी से 10 मार्च तक के लिए इन दुकानों के आंकडे़ बताते हैं कि गाजियाबाद के लोगों ने करीब साढे़ 26 लाख लीटर शराब और बीयर इन दुकानों से खरीदी।उन्होंने बताया कि अंग्रेजी शराब की बात की जाए तो 10 मार्च तक 580828 लीटर शराब की बिक्री रिकार्ड की गई। इसके अलावा देसी शराब का आंकड़ा 12.85 लाख लीटर का रहा।
बात अगर बीयर के बारे में की जाए तो करीब आठ लाख बीयर की बोतलें इन 38 दिनों के दौरान बिकीं।
एनएच- किनारे से हटेंगी गाजियाबाद की 47 शराब की दुकानें
कोर्ट के आदेश के बाद अब नेशनल हाईवे किनारे स्थित शराब की दुकानों और मॉडल शॉप को हटाए जाने की कवायद शुरू हो गई है। जिला आबकारी विभाग ने गाजियाबाद में पहले कुल 59 ऐसी दुकानों को चिन्हित किया था, जोकि हाईवे किनारे पर थीं। आबकारी अधिकारी ने बताया कि दोबारा सर्वे में इनमें से 12 दुकानें हाईवे से अलग मिलीं।
ऐसे में अब कुल 47 दुकानों की सूची तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में बैठक के बाद आगामी एक-दो दिन में ही राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे पर बनी शराब की दुकानों को हटवाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।