भोजपुर थाना अंतर्गत मोदीनगर-हापुड़ मार्ग पर ज्ञानस्थली स्कूल के पास कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक हापुड़ की गंगा विहार कालोनी का रहने वाला था। हादसे के बाद चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। उधर, मुरादनगर में कार-ट्रक की भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए।
भोजपुर एसओ शिव प्रकाश सिंह के मुताबिक हादसा शुक्रवार शाम करीब छह बजे हुआ। हापुड़ गंगा विहार कालोनी निवासी मुकेश (45) पुत्र रामचंद शुक्रवार को किसी काम से बाइक से मोदीनगर जा रहा था। ज्ञान स्थली स्कूल के पास पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मुकेश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। एसओ ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी कार मौके पर छोड़कर भाग गया। मृतक के भाई मूलचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, मुरादनगर में शनिवार सुबह गंगनहर के पास मोदीनगर की ओर से आ रहे ट्रक और कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को मोदीनगर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।
घायलों की कार पर राष्ट्रीय सचिव हिंदू स्वाभिमान दल लिखा है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है।