करीब डेढ़ माह पहले महागुन मॉल के पास कैश कलेक्शन एजेंट से हुई आठ लाख की लूट का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनसे 51 हजार रुपये नगद, तमंचा, चाकू और बाइक बरामद की है।
एसपी सिटी ने बताया कि वैशाली सेक्टर-4 पुलिया पर एसआई कमलेश यादव की टीम ने बाइक सवार युवकों को रोका तो वे भागने लगे। टीम ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया। उनके पास से तमंचा और चाकू निकला। बाइक भी चोरी की निकली।
पुलिस ने बताया कि बीते 16 मई को वैशाली सेक्टर-3 के महागुन मॉल के पास कलेक्शन एजेंट से लूट इन्होंने ही की थी। दोनों ने अपने नाम कल्याणपुरी दिल्ली निवासी नितिन ऊर्फ पहलवान और आदर्श नगर खोड़ा निवासी मोहम्मद अतीक बताया।
एसपी सिटी ने बताया कि कलेक्शन एजेंट से करीब आठ लाख रुपये की लूट की गई थी, जिसमें से 51 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
दो और साथियों संग की थी लूटपाट
एसपी सिटी ने बताया कि लूट का शिकार कैश कलेक्शन एजेंट हृदेश गुप्ता त्रिलोकपुरी दिल्ली में रहता है और पकड़ा गया बदमाश नितिन भी पास में ही कल्याणपुरी में रहता है। नितिन को हृदेश गुप्ता के बारे में जानकारी थी और उसने साथियों अतीक, शाबिर और दीपक के साथ मिलकर लूट की।
पुलिस के अनुसार दीपक दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कालोनी में बुजुर्ग दंपति के घर लूट के मामले में तिहाड़ जेल में बंद है। जबकि शाबिर की तलाश जारी है। शाबिर पहले भी जेल जा चुका है।