कविनगर जैन मंदिर के पास वोडाफोन के सेल्समैन को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस को 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाश कैद नहीं हुए हैं, ऐसे में अब पुलिस मोबाइल सर्विलांस के जरिए उनकी तलाश कर रही है।
उधर, गोली लगने से घायल सेल्समैन की हालत अब खतरे से बाहर है।सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने वोडाफोन के सेल्समैन अजीत को गोली मारकर उससे दो लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। सीओ द्वितीय मनीष मिश्र ने बताया कि सेल्समैन ने आखिरी कलेक्शन मालीवाड़ा स्थित एक दुकान से किया था।
ऐसे में शक जताया जा रहा है कि बदमाश वहीं से उसके पीछे लगे। हालांकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया है मगर बदमाशों का सुराग नहीं लगा। सीओ ने दावा किया कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। घटना में किसी जानकार का ही हाथ है।
उधर, डिस्ट्रीब्यूटर दीपेश गुप्ता ने बताया कि अब अजीत की हालत खतरे से बाहर है। ऑपरेशन के बाद छाती में फंसी गोली निकाल ली गई है।
पुलिस को बताया बाइक का अधूरा नंबर
अजीत ने होश में आने के बाद बदमाशों की बाइक का अधूरा नंबर पुलिस को बताया है। पुलिस को उम्मीद है कि अधूरे नंबर की मदद से ही बदमाशों का सुराग हाथ लग सकता है। हालांकि पुलिस सेल्समैन के पूरे रूट के सीसीटीवी खंगालने में जुटी है।