पुराना आर्यनगर में शुक्रवार सुबह एक स्टेशनरी कारोबारी के किताबों के गोदाम में आग लग गई। धुआं निकलता देख परिवार को आग लगने का पता चला तो अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां पहुंची और पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के मुताबिक, कारोबारी आरके जैन के मकान के बेसमेंट में सुबह पौने दस बजे आग लगी थी। वहां धुआं ज्यादा होने के कारण फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को दिक्कत हुई। साढे़ 12 बजे आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि जिस वक्त आग लगी, गोदाम में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। आग की चपेट में आने से हजारों रुपये की किताबें और अन्य स्टेशनरी का सामान जल गया।