डासना में बारात चढ़त के दौरान सोमवार सुबह बस में सीट पर बैठने को लेकर जीजा और साले आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक राउंड फायरिंग भी हुई। पुलिस ने मारपीट और फायरिंग के मामले में दोनों पक्षों के एक-एक युवक को हिरासत में लिया है।
शहीद नगर निवासी युवक अपने दो साथियों के साथ डासना निवासी जीजा के बेटे की शादी में गया था। सोमवार सुबह 11 बजे बारात की चढ़त हो रही थी। बारात डासना से पसौंडा जा रही थी। शहीद नगर निवासी युवक और उसके साथियों की अपने रिश्तेदार के साथ बस में सीट को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि जीजा और युवक के साथियों ने फायरिंग कर दी। साथ ही दोनों पक्षों में मारपीट हुई। जिसमें सगीर, शरीन निवासी साहिबाबाद और सितारा निवासी डासना घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनाें पक्षों के एक-एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ दिनेश यादव ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।