सोमवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सुरेश रैना के घर के पास से आठ साल के मासूम को अगवा करने की कोशिश की। बदमाश बच्चे की मां से सोने की चेन लूटना चाहते थे। साइकिल सवार महिला ने बदमाशों से टक्कर ली तो बदमाशों ने उसके बच्चे को उठा लिया।
करीब दस मिनट तक महिला बदमाशों से जूझती रही। बाद में बदमाश महिला से चेन लूटकर भाग निकले।सूचना के बावजूद पुलिस करीब 45 मिनट बाद घटना स्थल पर पहुंची। पॉश कालोनी राजनगर सेक्टर-13 के मकान संख्या-100 में सचिन सारस्वत का परिवार रहता है। सचिन और उनकी पत्नी पूजा दोनों ही आर्किटेक्ट हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी सुरेश रैना के घर के पास ही सचिन अपना मकान बनवा रहे हैं। सोमवार देर शाम करीब आठ बजे पूजा अपने आठ साल के बेटे सिद्धांत के साथ साइकिल पर अपने निर्माणाधीन मकान को देखने जा रही थीं।
पूजा ने बताया कि रैना के घर के पास ही बाइक सवार दो बदमाश आए और उनसे चेन लूटने की कोशिश करने लगे। विरोध करते हुए वह बदमाशों से भिड़ गईं। करीब दस मिनट तक वह चिल्लाते हुए बदमाशों से जूझती रहीं मगर कोई भी घर से बाहर नहीं निकला।
इसी दौरान बाइक सवार एक बदमाश ने उनके बेटे को बाइक पर खींच लिया और वहां से भागने लगे। इस पर उन्होंने बदमाश को पीछे से पकड़ लिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं।इससे बदमाशों के हौसले पस्त हो गए। उन्होंने बेटे को बाइक से नीचे फेंक दिया मगर पीछे बैठा बदमाश उनके गले से चेन लूट ले गया।
पूजा ने बताया कि उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी मगर पुलिस करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर कविनगर हेमंत राय का कहना है कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश में इलाके की नाकाबंदी की गई है।