बुधवार को ‘एंटी रोमियो’ अभियान चलाया गया, जिससे शहर से देहात तक हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने 23 मनचलों को गिरफ्तार किया, जबकि 63 को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। एंटी रोमियो स्क्वायड के लिए 38 टीमें बनाई गई हैं। इनमें सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल हैं।
महिला पुलिसकर्मियों को भी सादे कपड़ों में भी तैनात किया गया है। एंटी रोमियो स्क्वायड केअभियान से शहरी क्षेत्र में सुशीला इंटर कालेज, विद्यावती, एबीईएस कालेज, एमएमएच और एसडी कॉलेज के बाहर पुलिस टीमों को देखकर मनचलों में हड़कंप मच गया।
बाइक लेकर घूम रहे कई मनचले वहां से रफूचक्कर हो गए, जबकि छात्राओं पर कमेंट्स कर रहे कई मनचले पकड़ लिए गए। विजयनगर में छह गिरफ्तार किए गए, जबकि इंदिरापुरम में नौ। इसके अलावा मोदीनगर में तीन पकड़े गए। इस तरह कुल 23 दबोचे गए। मनचलों का 151 में चालान किया गया।
बृहस्पतिवार को सभी को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। इंदिरापुरम के डीपीएस, जेकेजी, सेंट थॉमस, कैंब्रिज, प्रिसीडियम, इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल आदि के आगे और पार्कों में पुलिस टीम ने अभियान चलाया।
वैशाली मेट्रो स्टेशन पर एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल और एसडीएम अतुल यादव ने वैशाली मेट्रो स्टेशन पर बुधवार शाम मनचलों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान ऑटो चालकों को चेतावनी दी गई कि अगर किसी भी महिला की ओर से ऑटो चालकों के खिलाफ शिकायत की जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि रोड के बीचोंबीच सवारी चढ़ाने उतारने वाले ऑटो चालकों के ऑटो सीज कर दिए जाएं। उधर, मोदीनगर में एंटी रोमियो अभियान के तहत गर्ल्स स्कूल-कॉलेज, रेस्टोरेंट और होटल में अभियान चलाया। मोदीनगर में कॉलेजों के आसपास स्थित दुकानदारों को मनचलों को नहीं रुकने की हिदायत दी गई।
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पकड़े गए मनचलों में शिवकुमार, राहुल पाल, साहिल, विजयनगर से अनुराग, हरीश, बिलाल, अजय, दीपक आदि हैं। ये विजयनगर, मोदीनगर, इंदिरापुरम, वैशाली आदि जगहों के रहने वाले हैं।
रेस्टोरेंट में मिले जोड़े, रिश्ते तार-तार
अभियान के तहत पुलिस को रेस्टोरेंट में पांच जोड़े मिले। इनमें तीन जोड़ों की हकीकत सामने आने पर रिश्ते भी शर्मसार हो गए। पकड़े गए जोड़ों में एक व्यक्ति अपनी साली की लड़की के साथ था। दूसरे जोड़े के बीच ममेरे भाई-बहन का रिश्ता था। वहीं तीसरा जोड़ा चाचा-भतीजी का था।
अन्य दो जोड़ों ने शुरू में झूठ बोला कि वह भाई-बहन हैं, मगर पूछताछ होने पर बताया कि वह फ्रेंड है। एसएचओ ध्रुव भूषण दूबे ने बताया कि बाद में परिजनों को बुलाकर युवतियों को परिजनों के सुुपुर्द कर दिया गया है।
जाम मुक्त किया जाएगा मेट्रो स्टेशन
अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो स्टेशन को अगले 10 दिनों में पूरी तरह से जाम जाममुक्त कराया जाएगा। एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल और एसडीएम अतुल यादव ने वैशाली मेट्रो स्टेशन पर बुधवार शाम मनचलों के खिलाफ अभियान चलाने के दौरान यह बात कही।