नंदग्राम कालोनी में अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर शराब तस्करों ने दंपति को घर में घुसकर पीटा। इससे नाराज कालोनी की महिलाओं ने पहले एसएसपी ऑफिस और फिर सिहानी गेट थाने का घेराव कर हंगामा किया।
पुलिस हरकत में आई और एक आरोपी महिला शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तीन हमलावर भागे हुए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। नंदग्राम की ब्रह्मपुरी कालोनी में प्रवेश कौशिक परिवार के साथ रहते हैं।
प्रवेश ने बताया कि कालोनी में एक महिला और कुछ युवक पिछले छह-सात माह से अवैध शराब बेचने और सट्टा खिलाने का काम करते हैं। इससे कालोनी में मारपीट और छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ गईं हैं।
सोमवार को उन्होंने शराब बेचने का विरोध किया तो आरोपियों ने घर में घुसकर उन्हें पीटा। बीच-बचाव करने आई पत्नी पिंकी से भी मारपीट की और कपडे़ फाड़ दिए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए तो आरोपी धमकी देकर चले गए। इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई।
आरोप है कि सूचना पर नंदग्राम चौकी से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन पर समझौता का दबाव बनाया। इससे नाराज स्थानीय महिलाएं एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। कार्यवाहक एसएसपी राकेश पांडेय से शिकायत की तो उन्होंने सिहानी गेट पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम ने बताया कि अवैध शराब बेचने के आरोप में महिला सीमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई की गई थी।
अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर, इस मामले में आरोपी महिला ने खुद को बेकसूर बताया। महिला का दावा है कि शिकायतक र्ताओं ने उसे और उसकी बेटी को पीटा है।
‘पति से बचाओ, वरना लगा लूंगी आग’
एसएसपी ऑफिस पर सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ब्यूटी पार्लर संचालिका पेट्रोल से भरी बोतल और माचिस लेकर पहुंची और आत्मदाह की धमकी दी। महिला ने बताया कि उसका पति बेटी से तीन बार रेप की कोशिश कर चुका है।
वह परेशान है। पुलिस अधिकारियों ने महिला को समझाया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेजा। महिला लाल कु आं के पास एक कालोनी में रहती है। उसका आरोप है कि पति छह साल से उससे अलग रहता है, लेकिन शराब पीकर अक्सर घर आ जाता है।
मारपीट करता है। तीन बार 14 वर्षीय बड़ी बेटी से रेप की कोशिश कर चुका है और पार्लर में कई बार तोड़फोड़ कर चुका है। इसकी शिकायत कविनगर पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। अब यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेगी।
पुलिसकर्मियों ने उसे कार्यवाहक एसएसपी राकेश पांडेय से मिलवाया। कार्यवाहक एसएसपी ने कविनगर एसएचओ को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया तो महिला शांत हुई। एसएचओ कविनगर ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रेमी ने भी दिया धोखा : आत्मदाह की धमकी देने वाली महिला ने बताया कि उसे प्रेमी ने भी धोखा दे दिया है। पति से अलग होने के बाद एक जानकार युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए, जिससे उसकी पांच साल की बेटी है।
कुछ कागजों पर दस्तखत करवाकर कोर्ट मैरिज का दावा किया था, लेकिन अब उसे पता चला है कि वह झूठ बोल रहा था। उसने शादी नहीं की थी। अब वह शादी से इंकार कर कर रहा है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।