कोचिंग इंस्टीट्यूट में एसी फटा, लगी आग
साहिबाबाद।वैशाली सेक्टर-चार में क्षितिज शॉपिंग कांप्लेक्स स्थित श्री चैतन्य कोचिंग इंस्टीट्यूट में शुक्रवार दोपहर अचानक धमाके के साथ एसी फट गया। कोचिंग में आग लगती देखकर छात्रों, शिक्षक और कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। बिल्डिंग में धुआं भरने से कुछ दुकानदार फंस गए। दमकल कर्मचारियों ने 10 लोगों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। आग में काई हताहत नहीं हुआ।
कोचिंग इंस्टीट्यूट में आईआईटी, नीट, जेईई की तैयारी कराई जाती है। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कोचिंग क्लास चल रही थी। भी एक कमरे के एसी में धमाका हुआ और आग लग गई। आठ छात्र-छात्राओं, दो शिक्षकों और 4 कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई। बिल्डिंग में कोई खिड़की नहीं होने से पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया। कांप्लेक्स की अन्य दुकानों में कुछ लोग फंस गए। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां पहुंची। कर्मचारियों ने पहले तो बिल्डिंग के शीशों को तोड़कर धुआं बाहर निकलने का रास्ता बनाया। इसके बाद कांप्लेक्स से 10 दुकानदारों को बाहर निकाला। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मुख्य अग्रिशमन अधिकारी सुनील सिंह ने बताया कि एसी में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। आग से कोई हताहत नहीं हुआ है।
पूरे कांप्लेक्स में लग सकती थी आग
सूचना मिलते ही 10 मिनट में दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी और कर्मचारियों ने आग बुझाना शुरू कर दिया था। अगर समय पर गाड़ी नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। चैतन्य कोचिंग इंस्टीट्यूट के ऊपर भी दो अन्य कोचिंग सेंटर चलते हैं। बिल्डिंग में रेस्टोरेंट व अन्य कई दुकानें हैं। आग समय पर नहीं बुझती तो वह बाहर लगे होर्डिंग और बोर्ड को भी चपेट में ले लेती। जिससे अन्य दुकानें भी जल सकती थी।
बिल्डिंग में कई दिन से आ रहा था करंट
दुकानदारों ने बताया कि बिल्डिंग में बिजली की समस्या है। कुछ दिनों से बिल्डिंग में करंट आ रहा है। साथ ही फ्लैक्चुएशन की समस्या भी है। इसकी वजह से वोल्टेज अप और डाउन हो रहा था। शायद, इस कारण एसी में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई।