एप डाउनलोड करते ही खाते से निकल गए 50 हजार रुपये
गाजियाबाद। नई बस्ती निवासी एक युवक को यूनियन बैंक के फेसबुक पेज पर शिकायत करना भारी पड़ गया। उसके पास बैंककर्मी बनकर एक युवक ने फोन किया और मोबाइल पर एप डाउनलोड करा दिया। 15 मिनट बाद ही खाते से 50 हजार की रकम निकाल ली गई। पीड़ित युवक ने एसएसपी से ठगी की शिकायत की है।
रामानुदयाल नई बस्ती निवासी गौरव मित्तल निजी कंपनी में काम करता है। गौरव ने बताया कि उसका पत्नी के साथ संयुक्त खाता है। काफी दिनों से उसके पास बैंक से लेनदेन के मेसेज नहीं पहुंच रहे थे। 15 मार्च को उसने बैंक के फेसबुक पेज पर इसकी शिकायत की थी। 18 मार्च को एक युवक का फोन आया। उसने खुद को बैंक कर्मी बताते हुए कहा कि भीम एप डाउनलोड करके पिन नंबर जनरेट कर लीजिए, समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने एप डाउनलोड कर पिन नंबर जनरेट कर लिया। गौरव का कहना है कि 15 मिनट में ही उनके खाते से 25-25 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसके बाद से फोन करने वाले युवक का मोबाइल स्विचऑफ है। आरोप है कि बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के टोल फ्री नंबर पर डेबिट कार्ड ब्लाक करने को कहा गया, लेकिन ब्लॉक नहीं किया गया।