छात्रा से रेप की कोशिश, परिजनों पर ताना तमंचा
विजय नगर के प्रताप विहार में पड़ोसियों ने नौंवी की छात्रा से रेप करने का प्रयास किया। परिजनों ने जब मामले की शिकायत की तो आरोपी ने परिजनों पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की है।
परिजन मामले की शिकायत एसएसपी से करेंगे। प्रताप विहार निवासी पीड़िता नौंवी कक्षा की छात्रा है। उसकी बहन ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे बहन किसी काम से घर के बाहर गई थी।
पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने अपने साथी केसाथ उसे कमरे में खींच लिया। उससे रेप का प्रयास किया। पीड़िता चिल्लाई और भागकर परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजन नीचे पहुंचे तब तक दोनों आरोपी भाग चुके थे।
आरोप है कि देर रात आरोपी शराब केनशे में धुत होकर तमंचा लेकर लौटा और परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। आसपास के लोगों ने उसे समझाकर शांत कराया।
शनिवार सुबह परिजनों ने मामले की शिकायत विजयनगर पुलिस को दी तो पुलिस ने मामले को आपसी विवाद का बता दिया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। परिजनों का कहना है कि घटना के समय 100 नंबर पर कॉल भी नहीं लगा। एसएचओ विजयनगर नरेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।