जूडो-कराटे का इंटरनेशनल खिलाड़ी हथियार तस्करी में गिरफ्तार
एसपी सिटी की टीम ने बृहस्पतिवार रात अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले जूडो-कराटे के इंटरनेशनल खिलाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर के 17 तमंचे बरामद किया हैं। पुलिस आरोपी की क्राइम हिस्ट्री खंगाल रही है।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि ईद को लेकर इन दिनों पुलिस रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चला रही है। बृहस्पतिवार रात चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन रोड पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को बैग लेकर जाते देखा। पुलिस उसकी तलाशी ली तो बैग में अवैध हथियार मिले।
आरोपी ने पुलिस को अपना नाम विक्की पांचाल बताया। वह जूडो-कराटे का इंटरनेशनल खिलाड़ी है। विक्की 17 तमंचे अलीगढ़ में सप्लाई करने जा रहा था। एसपी सिटी ने बताया कि विक्की एक सप्ताह पहले दिल्ली पुलिस द्वारा लोनी से पकड़े गए आरोपी अजय गैंग का सदस्य है। विक्की लोनी में अजय, हाशिम और महमूद से अवैध तमंचे खरीदता था।
अजय की फैक्ट्री से निर्मित तमंचे को सप्लाई करने के काम विक्की करता था। वह एक तमंचा चार से पांच हजार रुपये में बेचता था। जिसमें उसे 500 से एक हजार रुपये मिलते थे। एसपी सिटी ने बताया कि विक्की जूडो-कराटे की कोचिंग की आड़ में तमंचे की तस्करी करने लगा था।